पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति का कांग्रेस से इस्तीफा, BJP में हो सकती हैं शामिल

उत्तराखंड कांग्रेस को लगते झटकों के क्रम में शनिवार को पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रबहू अनुकृति गुसाईं ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। अनुकृति के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

अनुकृति ने 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना राजनैतिक करियर शुरू करते हुए, कांग्रेस के टिकट पर लैंसडाउन से चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें भाजपा के महंत दिलीप रावत के सामने हार का सामना करना पड़ा था।

बीते दिनों हुई ईडी छापेमारी में अनुकृति के लॉकर सील किए गए, साथ ही उन्हें ईडी ने पूछताछ के लिए भी तलब किया था। इस बीच शनिवार को उन्हेांने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए, कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को इस्तीफा भेजा है।

हालांकि, इस्तीफा देने के बाद उनसे सम्पर्क किया गया, लेकिन वो अपना पक्ष रखने के लिए उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। विदित है कि इससे पहले हरक की करीबी व रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष रही लक्ष्मी राणा भी कांग्रेस से इस्तीफा दे चुकी है।

हरक बोले एक दो दिन में तय करेंगे भविष्य की राजनीति
इस बीच शनिवार को हरक सिंह रावत दिल्ली में मौजूद थे। अनुकृति के इस्तीफा की पुष्टि करते हुए हरक सिंह रावत ने बताया कि उन्हें भी अनुकृति ने फोन पर ही इसकी सूचना दी है। फिलहाल वो कुछ दिन आराम करेंगी।

अपने अगले कदम के बारे में पूछे जाने पर हरक सिंह ने कहा कि वो भी अगले दो – तीन दिन में भविष्य की राजनीति तय करेंगे। उनकी अभी लगातार कांग्रेस नेतृत्व से बात हो रही है, दो दिन पहले ही उन्होंने प्रभारी सैलजा से मुलाकात की है। हरक सिंह ने फिर दोहराया कि वो चुनाव लड़ने के बहुत इच्छुक नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *