28 महीने बाद विदेश से लौटा पति, चार दिन बाद रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई पत्नी, 2 हफ्ते बाद भी नहीं लगा सुराग

करीब 14 दिन पहले रहस्यमयी तरीके से लापता हुई टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर क्षेत्र की रहने वाली रेशमा बिष्ट का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है. रेशमा बिष्ट जणगी गांव की रहने वाली थी, जो 6 अगस्त को घर से अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस लगातार रेश्मा की तलाश में जुटी हुई है. वहीं रेशमा के मायके वालों ने उसकी ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाया है.

प्रतापनगर के मोटणा गांव की रेशमा की करीब चार साल पहले जणगी गांव निवासी नवीन बिष्ट से बड़े धूमधाम से शादी हुई थी. दोनों का ढाई साल का बेटा भी है. बताया जा रहा है की नवीन विदेश में नौकरी करते हैं और करीब 28 महीने बाद घर लौटे थे. नवीन के घर लौटने के महज चार दिन बाद 6 अगस्त को रेशमा अचानक लापता हो गईं.

रेशमा के पति नवीन बिष्ट ने सात अगस्त को लंबगांव थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की दोपहर खाना खाने के बाद रेशमा घर से कहीं चली गई थीं. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला.
रेशमा की तलाश के दौरान सात अगस्त को जणगी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जलकुर नदी के किनारे महिला की एक चप्पल, चुनरी और दरांती बरामद हुई. सामान नदी किनारे मिलने के बाद महिला के नदी में गिरने या अन्य किसी तरह की अनहोनी का आशंका जताई गई है. हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *