
आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की।
उत्तराखंड (देहरादून) वीरवार, 04 अप्रैल 2024
इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल आम आदमी पाटी ने उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों का समर्थन करने की घोषणा की है। आज आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर यह बात कही।
एसएस कलेर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के आने से कांग्रेस का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाही खत्म करने और लोकतंत्र बचाने के लिए विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन बनाया है। आम आदमी पार्टी का हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में बड़ा जनाधार है ऐसे में सामूहिक चुनाव लड़ने से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका लाभ मिलेगा और पांचों सीटों पर हमारे पक्ष में सकारात्मक परिणाम आएंगे।
करन माहरा ने आरोप लगाया की केंद्र की भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं पर ईडी और सीबीआई के माध्यम से कार्रवाई कर रही है। मोदी बताएं कि पूर्व में जिन नेताओं पर ईडी व सीबीआई का छापा मारा गया, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई।
आप प्रदेश अध्यक्ष कलेर ने कहा कि आम आदमी पार्टी बूथ लेवल से चुनाव में जुटी है और जिला स्तर पर समन्वय समिति बनाकर कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार व सभाओं में आप कार्यकर्ता पूरी तरह से भागीदारी करेंगे।