सीडीएस अनिल चौहान ने पाकिस्तान को लेकर बताई चौंकाने वाली बात, चीन के साथ सीमा विवाद पर भी दिया संकेत

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान भले ही आर्थिक रूप से बदहाल हो, लेकिन अभी भी उसकी सेना हमारे लिए खतरा है। पाकिस्तानी सेना की क्षमताओं में कोई कमी नहीं आई है। साथ उन्होंने यह भरोसा दिया कि हमारी सेना अपनी सीमाओं की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।

सीडीएस ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि हम अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम हैं। उन्होंने यह जवाब उस सवाल पर दिया, जिसमें पूछा गया कि 21वीं सदी में भारत के समक्ष सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती क्या है? इसके जवाब में जनरल अनिल चौहान ने कहा, ‘जहां तक सुरक्षा बलों की बात है, हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती चीन का उभार और चीन के साथ सीमा विवाद है। हमारे दोनों पड़ोसी हैं, जिनके साथ हमारे मतभेद हैं। दोनों की गहरी दोस्ती है और दोनों देश हिमालय से ऊंची और समुद्र से गहरी दोस्ती का दावा करते हैं और वे परमाणु शक्ति संपन्न देश भी हैं।’

उन्होंने कहा कि वास्तव में दोनों के बारे में अनुमान लगाया जा सकता है और भारतीय सेना इन खतरों से पूरी तरह अवगत है। सीडीएस से आर्थिक रूप से कमजोर पाकिस्तान को लेकर सवाल भी किया गया। इस पर उन्होंने कहा, ‘भले ही पाकिस्तान आर्थिक रूप से कमजोर और राजनीतिक तौर पर अस्थिर हो सकता है, लेकिन वास्तव में वहां की सेना की क्षमताओं में कोई कमी नहीं आई है। इसलिए पाकिस्तान खतरा बना हुआ है। आप यह नहीं कह सकते हैं कि पाकिस्तानी सुरक्षा बल खतरा नहीं होंगे।’ जनरल चौहान ने बताया कि जहां तक सीमा का सवाल है तो वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *