राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी पर सवार 26 वर्षीय महिला नैना राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गईं. जिसके बाद महिला को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. वहीं, दूसरी महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में इलाज चल रहा है. साथ ही थाना राजपुर पुलिस ने चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गौर हो कि बीते देर रात करीब कैनाल रोड पर थाना राजपुर पुलिस को एक्सीडेंट की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर कार, स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं. मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी. टक्कर के कारण स्कूटी पर सवार महिलाओं को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान 26 वर्षीय नैना राजपूत निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला की मौत हो गई. वहीं हादसे में दूसरी घायल निधि कश्यप का दून अस्पताल में इलाज चल रहा है.साथ ही पुलिस हिरासत में लिए गए कार चालक सुमित यादव ने पूछताछ में बताया कि वह काठ बंगला से कैनाल रोड की ओर आ रहा था. इसी दौरान कार के ब्रेक नहीं लगे और वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराया.
साथ ही पुलिस द्वारा मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है. दूसरी घायल महिला का इलाज जारी है.पुलिस मामले की गहन जांच कर दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है.