पुणे: राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आज, ABVP और NSUI कार्यकर्ता आपस में भिड़े

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आज शनिवार 22 अगस्त 2026 को पुणे के शिवाजीनगर स्थित कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होना है. लेकिन इससे पहले ही वहां हंगामे होने की खबर मिली है.

जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम से पहले, शिवाजीनगर स्थित कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे (COEP) में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के बीच झड़प हो गई है. झड़प के बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है. झड़प के बाद यहां राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है.

इस घटना के चलते कुछ समय के लिए COEP कैंपस में तनाव का माहौल रहा. विवाद होने की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली और मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है. बता दें, राहुल गांधी आज ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पुणे आ रहे हैं. इसी सिलसिले में NSUI के सदस्य छात्रों के वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे.

शिवाजीनगर स्थित कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे (COEP) टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में एक छात्रा का वीडियो बनाने को लेकर ABVP और NSUI के बीच विवाद हो गया. ABVP का आरोप था कि NSUI के सदस्यों ने छात्रा पर दबाव डाला, जबकि NSUI का आरोप था कि ABVP के सदस्यों ने उसे बंधक बना लिया था. COEP कैंपस में दोनों गुट आमने-सामने आ गए, जिससे झड़प हो गई.

इसके बाद, कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार समेत कई नेता मौके पर पहुंचे और धरना दिया, जबकि बीजेपी युवा मोर्चा ने ‘रास्ता रोको’ प्रोटेस्ट किया. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक विवाद होने के बाद कैंपस में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है. झड़प में कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के घायल होने की भी सूचना मिली है. इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में 50 से 60 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें यूथ कांग्रेस के मुख्य पदाधिकारी भी शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *