एक महंगे आईफोन (iPhone) को पाने और उसकी किस्त चुकाने की जिद में हंसते-खेलते परिवार के तीन सदस्य असमय ही काल के गाल में समा गये. छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव में ‘खावल्या’ पहाड़ी पर शुक्रवार 21 अगस्त को कुणाल छांगुड़े (19), उसके पिता मुरलीधर (48) और मां संगीता छांगुड़े (42) की पहाड़ी से गिरने से मौत हो गयी.
खबरों के अनुसार, 19 वर्षीय युवक अपने महंगे आईफोन की किस्तें न भर पाने के कारण परेशान था. उसने पहाड़ी पर चढ़कर अपनी जान देने की चेतावनी दी. उसके माता-पिता उसे समझाने और बचाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान, पिता ने जब उसे सुरक्षित स्थान पर खींचने का प्रयास किया, तो दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे गिर गए. इस हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई. इस सदमे को बर्दाश्त न कर पाने के कारण उसकी मां ने भी उसी स्थान से छलांग लगा दी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक के पिता मुरलीधर ट्रक ड्राइवर थे. दो दिन पहले ही घर लौटे थे. कुणाल ने घर पर यह कहकर झगड़ा शुरू कर दिया कि उसके आईफोन की किस्त बाउंस हो गई है. आर्थिक तंगी की वजह से भुगतान करना मुश्किल हो रहा था. फिर भी कुणाल अपने पिता की बात सुनने को तैयार नहीं था.
इसी विवाद के बाद कुणाल आत्महत्या के इरादे से ‘खावल्या’ पहाड़ी पर चढ़ गया. सुबह 10 बजे उसके वहां पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया. पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बचाने की पूरी कोशिश की.
मिली जानकारी के अनुसार कुणाल एक होनहार छात्र था. 10वीं की परीक्षा में 92% अंक हासिल किए थे. फिलहाल नीट (NEET) की तैयारी कर रहा था. पिछले साल भी उसने एक आईफोन की मांग को लेकर पहाड़ी पर जाकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी. तब माता-पिता ने किस्त पर फोन दिलवा दिया. लेकिन, किस्त चुका पाना मुश्किल हो रहा था. इस बार उसी आईफोन की किस्तों का भुगतान न होने के कारण उसने फिर से ऐसा ही कदम उठाया.