एक्टर अर्जुन रामपाल अपने फैंस को सरप्राइज कर दिया है. एक्टर ने अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से गोवा में शादी कर ली है. कपल ने बर्देज सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में अपनी शादी रजिस्टर करवाई, और रामपाल ने बर्देज में फॉर्मैलिटीज पूरी कीं.
पीटीआई के मुताबिक, बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल ने शुक्रवार को गोवा में गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ अपनी शादी रजिस्टर करवाई. कपल ने नॉर्थ गोवा जिले के मापुसा में सब-रजिस्ट्रार के ऑफिस में अपने करीबी दोस्तों की मौजूदगी में फॉर्मैलिटीज पूरी कीं.
सब-रजिस्ट्रार सूरज वर्नेकर ने पीटीआई को बताया कि शादी राज्य के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर हुई है. डेमेट्रिएड्स साउथ अफ्रीका की नागरिक हैं. कपल अभी पणजी के पास सुकोरो गांव में रह रहा है. कैजुअल कपड़े पहने, रामपाल और डेमेट्रिएड्स शाम करीब 4 बजे रजिस्ट्रार के ऑफिस पहुंचे.
वर्नेकर ने कहा कि उन्होंने लोकल कोर्ट के असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से लोकल कानून के मुताबिक पहले और दूसरे साइन के बीच जरूरी 15 दिन के समय को माफ करने के लिए स्पेशल परमिशन ली थी. अधिकारी ने कहा कि मैरिज सर्टिफिकेट कपल को 15 दिन बाद सौंप दिया जाएगा.
शादी के रजिस्ट्रेशन से पहले, अर्जुन रामपाल ने रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान डेमेट्रिएड्स से अपनी सगाई कंफर्म की थी. यह पल पॉडकास्ट ट्रेलर में दिखा, जिसके कैप्शन में लिखा था, ‘शहर के सबसे कूल कपल गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स रामपाल को बधाई.’
रणवीर अल्लाहबादिया से उनके यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अर्जुन ने बताया कि दो बच्चे होने के बावजूद उन्होंने और गैब्रिएला ने शादी क्यों नहीं की. एक्टर ने कहा, ‘यह मेरी गलती नहीं है, उसकी भी नहीं. शादी क्या है? आखिर एक कागज का टुकड़ा. मुझे लगता है कि हम पहले से ही शादीशुदा हैं और इस बारे में मेरे मन में कोई शक नहीं है. लेकिन, कभी-कभी वह कागज का टुकड़ा आपको बदल भी सकता है. क्योंकि आपको लगता है कि यह परमानेंट है, असल में यह एक गलत सोच है लेकिन आप बस कानी तौर पर बंधे हुए हैं.’